रोडवेज बस स्टैंड के सामने बस में बैठने के लिए लगी भीड़। संवाद
- फोटो : Samvad
रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में बहनों के लिए निशुल्क यात्रा सुविधा शुरू होते ही बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने निशुल्क यात्रा की सुविधा का खूब लाभ उठाया। महिलाओं के साथ उनके एक सहयोगी को मुफ्त यात्रा की सुविधा से यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शासन के निर्देश पर डिपो प्रशासन ने सभी उपलब्ध बसों को रूटों पर उतार दिया है। त्योहार पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए हाथरस डिपो ने 20 बसों को विशेष रूप से रिजर्व में रखा है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तुरंत रवाना किया जा रहा है। इसके साथ ही लंबी दूरी तय करने वाली बसों से स्थानीय व छोटी दूरी के मार्गों पर दोहरे चक्कर लगवाए जा रहे हैं।
बसों के निर्बाध संचालन के लिए चालक-परिचालकों की छुट्टियां रद्द करते हुए 31 अगस्त तक के लिए प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है, जिससे डिपो में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। सबसे अधिक यात्रियों के दबाव वाले नोएडा मार्ग पर बसों की संख्या लगभग दोगुनी कर दी गई है। इस रूट पर अब 20 बसों का नियमित संचालन किया जा रहा है।
आगरा व अलीगढ़ मार्ग पर हाथरस से आगरा और अलीगढ़ के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए इस मार्ग पर भी करीब 10 अतिरिक्त बसों का इजाफा किया गया है। स्टेशन प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि उनके व टीम के द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि बस स्टैंड पर किसी भी महिला यात्री को लंबा इंतजार न करना पड़े।