विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पांच प्रमुख मार्गों के नव निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिली है। लोक निर्माण विभाग की ओर से स्वीकृत इन परियोजनाओं पर कुल 10.29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत करीब 9.4 किलोमीटर सड़कों का नव-निर्माण कराया जाएगा।
विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र में सड़क निर्माण से संबंधित प्रस्ताव रखे थे। इसके बाद संबंधित प्रस्तावों पर कार्यवाही करते हुए इन मार्गों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत कार्यों में विकास खंड के एदलपुर-जंगला-अतिया वाया झगरार संपर्क मार्ग के तीन किलोमीटर हिस्से के नवनिर्माण के लिए 2.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बरामई से ऊचांगाव-धनौटी मार्ग से बल्टीकरी रोड तक कुरसंडा रजबहा पटरी मार्ग के 2.9 किलोमीटर निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।
इसके अलावा मुरसान विकास खंड में गांव करील से नंदा की गढ़ी मथुरा सीमा तक 1.5 किलोमीटर मार्ग के निर्माण के लिए 1.53 करोड़ रुपये तथा नगला नंदू मार्ग से लॉर्ड कृष्णा स्कूल तक 1.2 किलोमीटर सड़क के लिए 1.02 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सहपऊ में खोंड़ा से परसौरा तक 1.8 किमी मार्ग के निर्माण के लिए 1.94 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
इन सड़कों के निर्माण से संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। विद्यार्थियों, किसानों और आम लोगों को बाजार, शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। विधायक ने कहा कि स्वीकृत मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।