अब तक अंधेरे में जी रहे बिसावर के माजरा नगला सिकंदरा में रविवार को जब बिजली की रोशनी पहुंची तो ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ग्रामीणों ने पूरे गांव में एक दूसरे को मिठाई बांटी। आतिशबाजी चलाकर दीवाली मनाई। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से छापा था इसलिए कई ग्रामीणों ने अमर उजाला को भी धन्यवाद दिया।
गांव नगला सिंकदरा में ग्रामीण बिन बिजली के आदिम युग जैसा जीवन यापन कर रहे थे। यहां केे ग्रामीणों के लिए बिजली एक सपने की तरह थी। शादी ब्याह में मिले विद्युत उपकरणों को भी ग्रामीणों ने संदूकों में बंद कर रखा था। बिजली महकमे ने यहां कई साल पहले कनेक्शन तो दे दिए थे, लेकिन बिजली नहीं पहुंची थी। करीब डेढ़ माह पहले अमर उजाला ने यहां के ग्रामीणों की बिजली की समस्या को प्रमुखता से छापा था। ग्रामीणों ने डीएम के यहां भी गुहार लगाई, जिसके बाद बिजली महकमा जागा। महकमे ने पंडित दीन
दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के माध्यम से गांव का विद्युतीकरण का कार्य कराया। करीब एक माह में विद्युतीकरण काम पूरा कर लिया गया। पांच दिन पहले ट्रांसफॉर्मर को भी चालू कर दिया, जिसके बाद से ग्रामीणों में खुशी व्याप्त हो गई थी। रविवार को जब पूरे गांव में बिजली आपूर्ति को सुचारु किया गया तो ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना न रहा। पूरे गांव के लोग चीख उठे-बिजली आई, बिजली आई। ग्रामीणों ने आतिशबाजी चलाकर जमकर जश्न मनाया और एक दूसरे को मिठाई भी बांटी। स्कूली बच्चे भी बिजली की रोशनी में बैठकर पढ़े।