हाथरस : बिजली अधिकारी से वार्ता करते लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश संयुक्त महामंत्री गौरव मित्तल के नेतृत्व में उद्यमियों ने शनिवार को बिजली महकमे के मुख्य अभियंता एसके अग्रवाल से मुलाकात की और अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष नितिन वार्ष्णेय ने बताया कि उद्यमियों के प्लांट में होकर गुजर रहीं लाइनों से हादसे की आशंका रहती है। इन लाइनों को या तो शिफ्ट किया जाए या फिर ऊंचा किया जाए। कई औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन का कार्य भी खंभे के लटके तारों से प्रभावित है। माल के आवागमन के समय वाहन के तारों से संपर्क का भय बना रहता है। अलीगढ़ के जिलाध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने ओवरलोड ट्रांसफॉर्मर से कम वोल्टेज में विद्युत आपूर्ति की समस्या भी उठाई।
उन्होंने कहा कि ट्रांसफॉर्मर से लंबी दूरी के कनेक्शन तक पर्याप्त वोल्टेज के साथ विद्युत आपूर्ति नहीं पहुंच पाती, जिससे उत्पादन प्रभावित होता है। बिजली के बिलों का समय पर वितरण न होने की समस्या भी बताई। मुख्य अभियंता ने कहा कि सभी उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर उनके कनेक्शन नंबर से जुड़े होंगे तो बिल स्वत: उनके मोबाइल फोन पर पहुंच जाएगा। पदाधिकारियों ने मुख्य अभियंता से मांग की कि सभी बिजलीघरों में मोबाइल नंबर दर्ज करने की सुविधा को आसान किया जाए और उद्यमियों की समस्याओं के निदान के लिए शिविर लगाए जाएं। मुख्य अभियंता ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। संवाद