चोरी के घटनाओं से आक्रोशित किसानों ने कहा कि तार कटने से नलकूपों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई है। खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
हाथरस की चंदपा कोतवाली के गांवों में इन दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला खेड़ा परसौली गांव का है, जहां शातिर चोर एक रात में ही 14 नलकूपों से बिजली के तार काट कर चोरी कर ले गए। भड़के ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर आक्रोश व्यक्त किया।
विज्ञापन
चोरी की सूचना मिलते ही सुबह खेतों पर पहुंचे ग्रामीण परेशान हो गए। भड़के किसान चंदपा कोतवाली पहुंचे और शिकायत की। कहा कि क्षेत्र में लगातार घटनाएं हो रही हैं। नवंबर से लगातार नलकूपों से चोरियां हो रही हैं। गांवों में पुलिस की गश्त नजर नहीं आती। हैरानी की बात है कि इतनी बड़ी मात्रा में तार एकत्रित कर चोर आसानी से ले भी गए।
खेड़ा परसौली के नरोत्तम सिंह, कृष्ण कुमार, मीरा देवी, विजय सिंह, सुनील, गुड्डू सिंह, प्रेम शंकर, श्रीभगवान, सुनील, प्रेमपाल, उमाशंकर, बाबू सिंह, राम लाड़ली आदि पीड़ित किसान हैं, जिनके नलकूप से तार चोरी किए गए हैं। किसानों ने कहा कि तार कटने से नलकूपों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई है। खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। सीओ सादाबाद अमित पाठक ने कहा है कि खुलासे के लिए पुलिस टीम लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।