अब अलीगढ़ मंडल में विद्युत महकमे के भी दो जोन होंगे। पहले जोन में अलीगढ़ शामिल रहेगा तो दूसरे जोन में हाथरस, एटा और कासगंज शामिल रहेंगे। जोन बनाए जाने के संबंध में मुख्य अभियंता ने उच्चाधिकारियों को अपनी रिपोर्ट भेज दी है।
विद्युत महकमे द्वारा अलीगढ़ को दो जाने में बांटे जाने के प्रयास तो पिछले माह से ही चल रहे थे। इसके तहत महकमे के उच्चाधिकारियों ने कुछ दिनों पहले अलीगढ़ विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता से अलीगढ़ मंडल में दो जोन बनाए जाने की रिपोर्ट मांगी थी। मुख्य अभियंता बीएस गंगवार ने जोन बनाए जाने संबंधी अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियाें को भेज दी है।
दोनों जोन के अलग-अलग मुख्य अभियंता होंगे। इधर, विद्युत महकमे के दो जोन में बंटने के बाद विद्युत कार्यों की निगरानी बढ़ जाएगी। बिजली अफसरों पर काम का लोड भी कम हो जाएगा। इतना ही पब्लिक की पहुंच भी चीफ तक हो जाएगी, जिससे बिजली संबंधी काफी काम आसानी से पूरे होंगे।
इधर, एक बड़ा सवाल यह भी है कि विभाग विद्युत वितरण खंडों में जेई और अन्य कर्मियों की कमी को पूरा नहीं कर पा रहा है, तो फिर कैसे जनता को इसका फायदा मिल पाएगा। फिलहाल यह तो आने वाला समय बताएगा कि किस तरह अलग जोन में बंटने का लाभ जनता तक पहुंचेगा।
मुख्य अभियंता बीएस गंगवार ने बताया कि दो जोन बनाए जाने संबंधी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। अब नए जोन का मुख्यालय कहां बनेगा, यह तो उच्चाधिकारी ही तय करेंगे।