ईद-उल-फितर का त्योहार जिले भर में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के सभी ईदगाहों और मस्जिदों पर ईद की नमाज अदा की गई। हजारों अकीदतमंदों ने सुबह सवा आठ बजे शहर के मुरसान गेट स्थित ईदगाह पर नमाज अदा कर खुदा से मुल्क और कौम की सलामती व तरक्की की दुआ मांगी। इस दौरान पूरा माहौल आल्लाहू अकबर के आवाजों से गूंज उठा।
सुबह मुकर्रिर वक्त से पहले ही मुरसान गेट ईदगाह पर अकीदतमंदों की भीड़ जमा होनी शुरू हो गई थी। ईदगाह के बाहर सड़क पर भी बड़ी तादाद में लोग जानमाज और चादर बिछाकर नमाज अदा करने बैठ गए। शहर मुफ्ती मोहम्मद इमरान कासमी ने अकीदतमंदों से कहा कि हर मुसलमान का फर्ज है कि वह नेकी और सच्चाई के रास्ते पर चले। झूठ, फरेब और मक्कारी से खुद भी बचे और दूसरों को भी बचाएं।
बच्चों को दीनी तालीम के साथ दुनिया की तालीम दिलाने की भी अवाम से अपील की। इसके बाद शहर मुफ्ती ने पूरे रिवाज के साथ नमाज अदा कराई। नमाज के बाद ईदगाह के इर्द-गिर्द बैठे गरीबों को फितरा और जकात बांटी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके अलावा जामा मस्जिद, कैलाश नगर मस्जिद, श्रीनगर, किला गेट, लाला का नगला, नाई का नगला, मधुगढ़ी आदि जगहों पर भी नमाज अदा की गई।