पति सहित नौ के खिलाफ दहेज उत्पीडन का मुकदमा दर्ज
कोतवाली चंदपा में गुमानपुर निवासी पिता ने कराई बेटी के पति सहित नौ पर एफआईआर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली चंदपा में पति सहित नौ के खिलाफ दहेज उत्पीडन का मुकदमा दर्ज किया गया है। नवविवाहिता के गुमानपुर निवासी पिता ने बेटी के ससुराल पक्ष पर दहेज में कार की मांग करते हुए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव गुमानपुर निवासी श्रीनिवास ने अपनी बेटी रंजना की शादी सोनई निवासी दीपक पुत्र कन्हैया लाल के साथ मई 2019 में की थी। शादी में काफी पैसा लगाया था, लेकिन उस दिए गए दान दहेज के ससुराल पक्ष के लोग रंजना को परेशान करने लगे। हालात मारपीट तक पहुंच गए और फिर उसे घर से निकालने तक की बात आ गई।
अब दहेज में कार की मांग की जा रही है। जिसे लेकर श्रीनिवास की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति दीपक, सास शीला, ससुर कन्हैयालाल, जेठ विपिन, जेठानी करिश्मा, देबर मोहित व विष्णु, ननद मधु सहित ननदोई सुनील के खिलाफ दहेज उत्पीडन की रिपोर्ट दर्ज की है। एसएचओ वीपी गिरी ने बताया कि इस मामले में पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर दहेज उत्पीडन का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।