संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
डिफा फाउंडेशन के बैनर तले सुभाष गली स्थित केजीएन आरोग्य चिकित्सालय में चिकित्सकों ने केक काटकर डॉक्टर्स डे मनाया। इस मौके पर देश के महान डॉक्टर विधानचंद्र रॉय को भी याद करते हुए समाज की सेवा करने का भी संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में डॉ. नूर मोहम्मद ने कहा कि इस दिन को मनाने का मकसद बेहतर स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना और डॉक्टरों को उनकी समर्पित सेवा के लिए शुक्रिया अदा करना है।
वर्ष 2021 नेशनल डॉक्टर्स डे की थीम कोरोना वायरस से जोड़कर ही रखी गई है। हम सभी इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। यह शायद हमारे जीवन का सबसे कठिन समय है। डॉक्टरों के लिए यह सुनिश्चित करना और भी मुश्किल हो गया है कि जो लोग संक्रमित हैं, उन्हें उचित चिकित्सा सुविधाएं मिलती रहें। डॉक्टर और हेल्थकेयर स्टाफ जिस तरह से समाज के प्रति अपना योगदान देते रहे हैं, उनका सम्मान हर दिन होना चाहिए।
हेल्थ केयर सेक्टर में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का योगदान अतुलनीय है। जहां एक तरफ लोग अपने आप को आइसोलेट कर रहे हैं, वहीं डॉक्टर संक्रमित लोगों की जान बचाने के लिए लगातार महामारी से लड़ रहे हैं। मात्र महामारी के दौरान ही नहीं डॉक्टर हर आपदा में एक सुपर हीरो की तरह सामने आए हैं और समाज की बेहतरी के लिए अपने काम को पूरी लगन और निष्ठा से अंजाम दिया है।
इस मौके पर डॉ. जाहिद अली, डॉ. अतीक सलमानी, डॉ. विनय दीक्षित, डॉ. राजेश उपाध्याय, डॉ. कफील बेग के अलावा शैलेंद्र नगाइच एडवोकेट, शौकत अली, रामसेवक अग्रवाल, दिवाकर शर्मा, विनय जैसवाल, साजिद अली आदि लोग मौजूद थे।