ईशन नदी को निरीक्षण करते डीएम रमेश रंजन।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने पूरे अमले के साथ मंगलवार को ईशन नदी, गो संरक्षण केंद्र, वन विहार और झील स्थल का निरीक्षण किया। इनकी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। गोशाला में गंदगी देखकर डीएम का पारा चढ़ गया।
क्षेत्र में बहने वाली ईशन नदी का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्ति की तरफ है। डीएम को लघु सिंचाई से नदी में छोड़े जाने वाले पानी के विषय में जानकारी दी गई। डीएम ने लघु सिंचाई विभाग को टूटी हुई पटरी की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उपनिदेशक वानिकी को निर्देश दिए कि नदी की पटरी पर पौधरोपण किया जाए। ईशन नदी में सफाई के साथ मनरेगा के तहत पौधरोपण कराने, नदी में आने-जाने के लिए स्लैब और बंधों पर कार्य करने की भी आवश्यकता बताई।
हसायन क्षेत्र के गांव नगला ब्राहमण स्थित गोशाला का निरीक्षण किया गया। डीएम को सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिए कि अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाकर यहां की सफाई कराई जाए और प्रकाश व्यवस्था को दुरस्त कराया जाए। गोशाला के अंदर पक्की नालियां बनाने और खड़ंजा लगवाने के निर्देश दिए।
पश़ुओं को हर हाल में हरा चारा खिलाने और समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। गो संरक्षण केंद्र में तैनात ने कर्मचारी ने बताया कि वर्तमान में 154 गोवंश हैं, जिनमें से 151 की टैगिंग करा दी गई है। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आरबी भास्कर, परियोजना निदेशक अश्विनी कुमार, डीपीआरओ बनवारी सिंह आदि मौजूद थे।