ओपन बैंडमिंटन टूर्नामेंट का उद्घाटन करते जिला जज, डीएम व एसपी।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन दिवसीय ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। इसका शुभारंभ जिलाधिकारी रमेश रंजन, जिला जज सुनील कुमार सिंह, अपर जिला जज और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। टूर्नामेंट में जिला प्रशासन की टीम तथा जिला जज की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। जिला प्रशासन की टीम को 12 स्कोर अंक और जिला जज की टीम को 10 स्कोर अंक प्राप्त हुए। जिला प्रशासन की टीम दो स्कोर अंक से विजयी घोषित की गई।
डीएम ने कहा कि अगले मार्च-अप्रैल में इससे भी बड़े टूर्नामेंट का आयोजन कराया जाए। अन्य जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी इसमें शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलें। खेलों में हार, जीत तो होती रहती है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि आपके अंदर जो प्रतिभा छिपी हुई है, उसको बाहर लाना चाहिए। जिला जज सुनील कुमार सिंह ने कहा कि खेलों को खेलने से मैत्री की भावना उजागर होती है। उन्होंने कहा कि खेलने से शरीर और दिमाग स्वस्थ रहता है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है। हमें इससे भी बड़े खेलों का आयोजन करना चाहिए। दूसरे जिले के प्रतिभागियों को खेलने एवं अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर अपर जिला जज अनुराग पवार, एडीएम जेपी सिंह, एसडीएम सदर प्रेमप्रकाश मीणा, नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी रानी प्रकाश, उप क्रीड़ा अधिकारी मंजूर आलम आदि मौजूद थे।