त्योहारों को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस महकमे ने कसी कमर
डीएम ने संबंधित अधिकारियों के साथ की बैठक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। ईद उल जुहा, रक्षाबंधन, 15 अगस्त तथा आगामी त्योहारों में कानून व्यवस्था एवं शांन्ति व्यवस्था को लेकर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा ने ईदुलजुहा बकरीद तथा आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी सीओ, थाना इंचार्ज को निर्देश देते हुए कहा कि अपने अपने क्षेत्रों में मस्जिदों की संख्या तथा नमाज किन-किन स्थानों पर अदा की जानी हैं, उसकी पूरी लिस्ट बना लें।
सभी छोटी-बडी मस्जिदों में पुलिस फोर्स तैनात कर दें तथा समय समय पर संदिग्ध स्थानों पर राउंड करते रहे। जिससे कोई अप्रिय घटना न घटित हो। 05 साल के केसों को भी नोटिस कर लें तथा इन केसों से सम्बन्धित लोगों का जायजा कर लें। पुलिस अधीक्षक ने सभी एसडीएम, सीओ तथा थानाध्यक्षों से पीस कमेटी की बैठक करने के लिए कहा। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी जनपद में किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। इमरजेंसी हैल्थ, फायर सर्विस सुचारू रहनी चहिए। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से फोकस किया जाए।
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने सभी ईओ से साफ सफाई, विद्युत सप्लाई तथा जलापूर्ति के बारे में जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मन्दिरों तथा मस्जिदों के आस पास सफाई की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करेंगे। जगह जगह पर कूडा ट्राली तथा बड़े डस्टबीन रख दिये जाये। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों को अवश्य चिन्हित कर लें। जहां पर शिव मंदिर और मस्जिद पास-पास में हैं। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ साथ बैरी केटिंग के उचित प्रबन्ध करने के निर्देश दिए।