नगर पंचायत की साफ-सफाई व्यवस्था का हाल बुरा है। नगर की सुभाष गली में रविवार को नाला ओवरफ्लो हो गया। इससे नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने लगा। इस वजह से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत एक्स के माध्यम से उच्चाधिकारियों से की है।
सुभाष गली में नगर के प्रमुख स्कूल हैं। यह मार्ग सादाबाद तहसील और मुख्य बाजार के लिए जाता है, लेकिन यहां सफाई के इंतजाम नाकाफी हैं। सफाई के कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है। स्थानीय निवासी अधिवक्ता राहुल मित्तल, दीपक सविता आदि ने बताया कि आए दिन नाला ओवरफ्लो हो रहा है। कई बार नगर पंचायत के अधिकारी व कर्मचारियों से शिकायत की गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। इधर, वार्ड नंबर 10 की सभासद उर्मिला चौधरी ने बताया कि उनके वार्ड में भी चारों तरफ गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नगर की शिव गली, माहौर गली, जलेसर रोड के नाले व सलेमपुर रोड के नाले आए दिन ओवरफ्लो हो रहे हैं। ईओ श्रीचंद ने बताया है कि समस्या संज्ञान में आई है, जल्द क्षेत्र के नालों की सफाई कराई जाएगी।