पूर्वोत्तर रेलवे के हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुए कार्याें का बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। राजस्थान के बीकानेर से पीएम के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण स्टेशन पर दिखाया गया। यहां केंद्रीय मंत्री व रालोद मुखिया जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
सिटी स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट-गाइड्स इज्जतनगर की टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर की। इस मौके पर जिले के पांच बलिदानियों के आश्रितों का सम्मान किया गया। सादाबाद विधायक प्रदीप सिंह गुड्डू ने स्टेशन पर हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राना ने स्टेशन पर हुए कायाकल्प से यात्रियों को होने वाले फायदे गिनाए। सदर विधायक अंजुला माहौर ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
सांसद अनूप प्रधान ने स्टेशन को साफ-सुथरा रखने पर जोर दिया। डीआरएम इज्जतनगर मंडल वीणा सिन्हा ने सभी का अभिवादन व सम्मान किया। उन्होंने रेलवे के विकास पर तैयार की गई 10 मिनट की लघु फिल्म का प्रदर्शन कराया। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने स्टेशन के विकास के लिए सांसद व जनप्रतिनिधियों के प्रयासों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पहले रेलवे की सुविधाएं किस प्रकार की थीं, सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि हवाई चप्पल पहनकर भी लोग हवाई यात्रा कर पाएंगे, उसमें एयरपोर्ट का विकास किया गया।
उन्होंने कहा कि रेलवे में भी अच्छा सुधार हुआ है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, रालोद जिलाध्यक्ष श्याम चौधरी, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडेय, ब्लॉक प्रमुख हसायन धर्मेंद्र कुमार पीलू, मुरसान नगर पंचायत अध्यक्ष देशराज सिंह, जिला पंचायत सदस्य ईशान चौधरी, रालोद महासचिव विश्वनाथ प्रताप सिंह बंटी आदि लोग उपस्थित थे।
इन पांच बलिदानियों के आश्रितों का हुआ सम्मान
-सुनीता चौधरी, नगला चौधरी सादाबाद।
-नरसो देवी व पुत्र विष्णु पाल सिंह, सीकुर सासनी।
-जुबैदा बेगम व पुत्र मुबीन, सूजिया अल्हैपुर, हाथरस।
-रेखा देवी व पिता राजेंद्र सिंह, टुकसान, हाथरस।
-सीमा रानी व पिता राजवीर सिंह, बिलखौरा खुर्द सासनी।