ग्राम रामपुर में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग। संवाद
- फोटो : samvad
गांव रामपुर में चार दिन से फुंका पड़ा ट्रांसफॉर्मर न बदले जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली के विभाग के खिलाफ बुधवार को प्रदर्शन किया। कहा कि कहा कि 24 घंटे में ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया तो सुमेरा झाल बिजली घर का घेराव किया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए हैं। मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। सबमर्सिबल पंप न चल पाने से पानी की परेशानी अलग है। काफी दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। चार दिन से बिजली न रहने से पूरे गांव में अंधेरा है। बच्चों की पढ़ाई तक नहीं हो पा रही है। रात में मच्छरों की भरमार हो रही है, जिससे बीमारी की आशंका अलग से बनी हुई है। छात्र रियांश कहना है कि चार दिन से लाइट न आने के कारण वह सो नहीं पा रहे हैं। इस वजह से स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं।
उप खंड अधिकारी अनुराग गुप्ता का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मर फुंकने की शिकायत मिली थी। जेई वर्कशॉप नीलेश को ट्रांसफाॅर्मर बदलवाने के लिए कहा है। जल्द ही ट्रांसफाॅर्मर बदल जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सिंटू चौहान, रामजीलाल, सतीश चंद्र, कलुआ, उमंग, राजकुमार, राहुल, ओमपाल सिंह आदि शामिल रहे।