मुख्य बाजार में स्थित डोरी लाल कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार दोपहर को तेज बारिश के बीच लोहे की सीढि़यां (जीना) लगाए जाने का सीताराम और उनके परिवार ने विरोध किया। इस दौरान छात्राओं से उनकी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई। छात्राओं ने मारपीट में दो छात्राओं के घायल होने का आरोप लगाया है। घटना के बाद छात्राएं थाने पहुंची और कार्रवाई की मांग की है।
गांव ढांड पर स्थित डोरीलाल विद्या निकेतन इंटर कॉलेज की बालिका वर्ग की शाखा डोरी लाल कन्या इंटर कॉलेज मुख्य बाजार में स्थित दो मंजिला भवन में चल रही है। यहां कॉलेज की प्रबंध समिति और सीताराम पक्ष में जमीन को लेकर विवाद है, जिस पर किसी भी प्रकार के निर्माण पर न्यायालय से रोक है। कॉलेज की इमारत जर्जर हो चुकी हैं।
कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार के अनुसार दूसरी मंजिल पर जाने के लिए छात्राओं को जीना चढ़ने में परेशानी आ रही थी, जिसके लिए छात्राओं की मांग पर बुधवार को लोहे का जीना मंगाकर लगाया था, तभी सीताराम, उसके बेटे और पुत्रवधु वहां पहुंच गए और विरोध करने लगे। छात्राएं भड़क गईं और जबरन जीना लगा दिया। छात्राओं और सीताराम पक्ष के बीच शुरू हुई नोझोंक धक्का-मुक्की में बदल गई। आरोप है कि मारपीट में दो छात्राएं राविया और नव्या घायल हो गई और जलभराव में जा गिरी। इन्हें उपचार के लिए सीएचसी पर भेज दिया गया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बारिश के बीच गुस्साई छात्राएं थाने में जमा हो गईं और पुलिस से जीना लगवाने की मांग करने लगी। पुलिस ने किसी प्रकार उन्हें समझाकर वापस भेज दिया।
सीताराम ने बताया कि जमीन का मालिकाना हक उनके पास है, अदालत से किसी भी नवनिर्माण को लेकर स्टे है, जिसकी वजह से उन्होंने जीना लगाने से रोका था। प्रबंध समिति ने छात्राओं को आगे कर दिया, हमने किसी से मारपीट नहीं की, धक्का-मुक्की में छात्राएं गिरी हैं। उनके व उनके पुत्र और पुत्रवधू के साथ मारपीट हुई है।
-छात्राओं की ओर से प्रधानाचार्य तहरीर दे रहे थे, लेकिन अभिभावकों ने मना कर दिया कि हम कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। इस जमीन पर कोर्ट से स्टे है। दोनों पक्षों से न्यायालय से समाधान कराने के लिए कहा गया है। महेश कुमार सीओ इगलास