क्रांतिकारी किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें किसानों ने मुरसान के मुठभेड़ मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और एक सरकारी नौकरी देने की भी मांग की गई है। ज्ञापन में ग्राम पंचायत नगला नंदू में मथुरा रोड पर चोब सिंह राणा के मकान के पास रजबहे पर पुल का निर्माण कराने की भी मांग की गई है। किसानों का कहना है कि यह रास्ता गांव गुमानपुर की ओर जाता है और करीब 200 किसानों के खेत इसी रजबहे के पास हैं।
किसानों को अपनी फसल घर लाने के लिए रजबहे को पार करना पड़ता है। लिहाजा आवागमन के लिए यहां पुल की तत्काल आवश्यकता है। किसानों ने हाथरस में कई विक्रेताओं पर निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर खाद बेचने का आरोप लगाया है और ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मौके पर सुरेश चौधरी, अशोक तोमर, महेशचंद, रामप्रकाश, राजेंद्र, प्रेमपाल आदि मौजूद थे।