तालाब रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की जद में आ रही पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइनों को शिफ्ट करने की तैयारी शुरू होने जा रही है। लाइन शिफ्टिंग के कार्य में लगभग दो माह का समय लग सकता है।
लाइनें शिफ्ट होंगी और नई लाइनें डाले जाने में अधिक समय लग सकता है। यदि ऐसा हुआ तो भीषण गर्मी में शहर के काफी क्षेत्रों के लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ेगा। ओवरब्रिज के संबंध में जलकल संस्थान के अधिकारी बुधवार को तालाब चौराहे से आगरा व अलीगढ़ रोड पर 400-400 मीटर लाइनों का निरीक्षण कर एस्टीमेट तैयार करेंगे।
एस्टीमेट तैयार करने के बाद ही लाइनों को शिफ्ट किया जाएगा। पुरानी सभी लाइनों को हटा कर नई लाइनें डालने का काम भी होना है। जलकल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि लाइन शिफ्टिंग में अभी दो से तीन माह का समय लग सकता है।
पहले निरीक्षण किया जाएगा उसके बाद लाइनें हटाई जाएंगी फिर उसके बाद दोबारा एस्टीमेट बनाकर यह देखा जाएगा कि लाइनें कहां होकर निकाली जाएं, जिससे सभी क्षेत्रों को पेयजल आपूर्ति दी जा सके। ओवरब्रिज निर्माण से पूर्व सबसे पहला काम अतिक्रमण को हटाना होगा।
पेयजल आपूर्ति और सीवर लाइनों को भी शिफ्ट करना होगा। यह काम नगर पालिका के लिए चुनौती भरा है। फिलहाल यह देखना है कि नगर पालिका इस कार्य को कितने समय में पूरा करेगी।
- नगर पालिका से पेयजल आपूर्ति की लाइनें शिफ्ट करने के संबंध में अवगत कराया गया है। एक दो दिन में ओवरब्रिज की जद वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। इसमें दो से तीन महीने का समय लग सकता है। लाइन शिफ्ट होंगी तो शहर में कुछ समय के लिए पेयजल आपूर्ति प्रभावित तो होगी।
- नंदकिशोर, जेई, जलकल संस्थान।