मेंडू स्टेशन के पास युवक का शव मिलने पर जानकारी करती पुलिस व लगी भीड़।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
सिकंदराराऊ रोड स्थित मेंडू रेलवे स्टेशन के पास खेत में बृृहस्पतिवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर काफी भीड़ लग गई। पुलिस भी पहुंच गई। मृतक के परिवार के लोग भी मौके पर आ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सराय अमर सिंह नगला हीरा निवासी दिलीप कुमार उर्फ दीपू यादव (32) पुत्र राजेश यादव बिल्डिंग मैटेरियल का काम करता था। वह बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे अपनी दुकान का सामान खरीदने के लिए रुपये लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं उसका पता नहीं लगा।
बृहस्पतिवार की सुबह दिलीप कुमार का शव कस्बा मेंडू के रेलवे स्टेशन से सटे एक खेत में पड़ा मिला। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने लापता दिलीप के परिजनों को मौके पर बुलाया। परिजनों ने उसकी शिनाख्त दिलीप के रूप में कर ली। इसके बाद पुलिस ने अपनी कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है। शक के आधार पर दी गई तहरीर को देखते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है।