हाथरस। एक युवती ने अपने पति पर जबरन गर्भ निरोधक गोलियां खिलाकर उसका गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पति और ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट कर युवती को घर से बाहर निकालने का भी आरोप है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। आरोपियों का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कभी भी दहेज की मांग नहीं की और न ही मारपीट की है।
शहर के विद्यानगर की रहने वाली प्रतिभा शर्मा ने इगलास अड्डा स्थित माहेश्वरी नगर निवासी कमल बंसल से दस महीने पहले शादी की थी। प्रतिभा का कहना है कि कमल बंसल शादी के बाद से ही उसे परेशान कर रहे थे। वह संतान नहीं चाहते थे और इसलिए प्रतिभा की बिना मर्जी के गर्भ निरोधक गोलियां खिलाई गईं, जिससे चार से पांच महीने के भ्रूण की गर्भ में ही हत्या हो गई। इसके बाद पति-पत्नी के बीच तनाव बढ़ गया। प्रतिभा का आरोप है कि कमल उससे दहेज की मांग करने लगे। इसे लेकर आए-दिन झगड़ा होता था। हाल ही में हुए झगड़े के बाद आरोपी ससुरालियों ने प्रतिभा को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। मारपीट में घायल युवती की शिकायत पर पुलिस ने उनका डॉक्टरी परीक्षण कराया और फिलहाल जिला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। हाथरस गेट थानाध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद त्यागी का कहना है कि प्रतिभा की शिकायत पर उनके पति कमल बंसल, ससुर दिनेश बंसल, रिश्ते के देवर सोनी पुत्र छोटेलाल के विरुद्ध धारा 498, 313, 323 और 504 में मुकदमा दर्ज कर लिया है।