कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के साथ पड़ोसी ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित परिवार ने नामजद युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और पॉक्सो अधिनियम एवं आईटी एक्ट के तहत कोतवाली हसायन में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता के भाई ने कहा है कि बीती आठ मई को उनका परिवार बाहर गया हुआ था। इस दौरान उसकी बहन घर पर अकेली थी, तभी पड़ोस का युवक पवन सेंगर किसी बहाने से उसके घर आया। उसने किशोरी को जबरन कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब यह बात परिजनों को बताई तो परिजनों ने उस समय तो लोक लाज के कारण इस मामले में कुछ नहीं किया, लेकिन यह युवक अब युवती को ब्लैकमेल करने लगा।
इसके बाद भी लड़की ने इस व्यक्ति की बात नहीं मानी तो उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को पूरी मामले की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास भी किए, लेकिन युवक फरार हो गया। एसओ हसायन एमएस भाटी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक की तलाश की जा रही है।