कस्बे के मोहल्ला व्यापारियान में शनिवार की सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सपा प्रत्याशी व उनके भतीजे व निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों में झगड़ा हो गया। दोनों के समर्थकों में जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों तरफ से इस मामले में तहरीर दे दी गई है। निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में कई भाजपा नेता थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सपा प्रत्याशी एवं पूर्व सपा जिलाध्यक्ष चौ. भाजुद्दीन नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़े थे, लेकिन वह चुनाव हार गए। उनके ही भतीजे चौ. मेहराजुद्दीन भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में इस चुनाव में उतरे। यह झगड़ा सपा प्रत्याशी और निर्दलीय प्रत्याशी मेहराजुद्दीन के समर्थकों के बीच हुआ। घटना के बाद चौ. मेहराजुद्दीन और उनके सैकड़ों समर्थक थाने पहुंच गए और सीओ योगेश कुमार को घटना के बारे में बताया। मारपीट में घायल जहीर पुत्र साबू ने बताया कि हार से बौखलाकर पूर्व चेयरमैन चौ. भाजुद्दीन और उनके समर्थकों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
हमला करने वाले कह रहे थे कि उसने भाजपा को वोट दिया है। इस संबंध में मेहराजुद्दीन के भाई मिनहाजुद्दीन उर्फ शानू पुत्र सिराजुद्दीन निवासी मोहल्ला व्यापारियान ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर में आरोप है कि सुबह साढे़ 10 बजे वह घर के अंदर बैठा था। तभी भाजुद्दीन एवं उनके समर्थक हाथों में लाठी-डंडे लेकर उनके मकान के अंदर घुस आए। गाली-गलौज करते हुए कहने लगे कि तुमने बीजेपी को वोट दिया है। आरोप है कि वहीं बराबर बैठे उनके पिता सिराजुद्दीन और भाई राहुल को मारने का आदेश पूर्व चेयरमैन ने दिया और हमें बचाने आए जहीर पुत्र साबू को भी इन लोगों ने लाठी-डंडाें और लात-घूसों से मारापीटा। पुलिस ने घायलों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया है। वहीं जहीर को आगरा रेफर किया गया है।
निर्दलीय प्रत्याशी मेहराजुद्दीन के घर में घुसकर हुई मारपीट की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में उनके समर्थक भी थाने पहुंच गए। उनके समर्थन में भाजपा नेता व पूर्व विधायक रामसरन आर्य, प्रीती चौधरी, अरविंद चौधरी, तुलसीदास अग्रवाल, अनिल पचौरी, सुनील गौतम, दिनेश त्यागी, मनोज शर्मा, रमेशचंद्र, अंकुश गौड़, ओमवीर सिंह प्रधान, अवधेश राजपूत, प्रभात पचौरी, शाहिद कुरैशी, अजीज खां, चांद खां, कबीरूद्दीन, जफर कुरैशी, अकरम ठेकेदार, इदरीश कुरैशी एवं सूआ पहलवान, मनजीत चौधरी थाने पहुंच गए। भाजपा नेता प्रीती चौधरी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से कहा कि घर में घुसकर मारपीट करने वाले लोगों के विरुद्ध कारवाई होनी चाहिए।
वहीं दूसरी ओर जलालुद्दीन पुत्र सफरुद्दीन निवासी मोहल्ला व्यापारियान ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि शनिवार की सुबह करीब साढे़ 10 बजे वह अपने बडे़ भाई भाजुद्दीन के घर में जुलूस-ए-मोहम्मदी के आयोजन के बारे में चल रही मीटिंग मे पहुंचा था, जहां पहले से ही समाज के काफी व्यक्ति मौजूद थे। तभी पड़ोस के रहने वाले मेहराजुद्दीन आदि ने घर के दरवाजे पर आकर आतिशबाजी चलाते हुए शोर-शराबा शुरू कर दिया।
ज्यादा शोर बढ़ा तो उन्हें समझाया कि मीटिंग हो रही है। पटाखे मत चलाओ। इतना कहते ही इन लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब वह भागकर अपने भाई के घर के अंदर पहुंचा तो उसके पीछे-पीछे नामजद लोग लाठी-डंडा लेकर शोर मचाते हुए घुस आए और कहने लगे कि आज इसे जान से मार दो। इन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाया। जाते-जाते नामजद लोग उसे जान से मारने की धमकी दे गए।