पाड़ला ड्रेन पर दो महिलाओं से गैंगरेप की जांच करेगी एसआईटी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पाड़ला रोड ड्रेन के निकट 2 महिलाओं से गैंगरेप के मामले की जांच एसआईटी करेगी। इधर, एसपी आस्था मोदी ने डीएसपी हेडक्वार्टर तरुण सैनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है। इस टीम में महिला एसएचओ निर्मला व सीआईए-1 महावीर सिंह भी होंगे।
इससे पहले महिला थाना पुलिस ने 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मामले में छेड़छाड़, गैंगरेप, पोक्सो की धाराएं भी जोड़ी हैं। एसपी ने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया है।
मामला सामने आने के बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे एसपी आस्था मोदी ने घटनास्थल का दौरा किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। हालांकि लोगों ने घटना के संबंध में किसी भी जानकारी से इंकार किया है। एसपी के साथ डीएसपी तरुण सैनी, महिला थाना एसएचओ निर्मला, सीआईए-1 इंस्पेक्टर महावीर सिंह, सिटी एसएचओ रमेश चंद्र पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाने के प्रयास किए। महिला एसएचओ निर्मला ने बताया कि दोनों महिलाओं का मेडिकल कराया गया है और उनकी काउंसिलिंग भी कराई जा रही है। पुलिस जांच में लगी है।
यह था मामला
गौरतलब है कि 2 विवाहित महिलाओं ने एक दिसंबर को महिला पुलिस को शिकायत दी थी कि जब वह पाड़ला रोड पर ड्रेन के निकट लकड़ी लेने गई थीं तो वहां पर 5 लोगों ने शराब के नशे में उनके साथ गैंगरेप किया और मारपीट भी की। उनके साथ बच्चियां भी थीं, जिन्हें आरोपियों ने पहले भगा दिया। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने तुरंत अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि अगर आरोपी उनके सामने आ जाएं तो वह उन्हें पहचान भी सकती हैं।