शासन की प्राथमिकता वाले ग्राम स्वराज अभियान में लापरवाही बरतने और गलत एस्टीमेट बनाना बिजली महकमे के दो अवर अभियंताओं को भारी पड़ गया। महकमे के अधीक्षण अभियंता ने इन अवर अभियंताओं पर कार्रवाई करते हुए शनिवार को सस्पेंड कर दिया। इस कार्रवाई से अन्य अवर अभियंताओं में खलबली मची रही। महकमे में पूरे दिन इस कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी रही।
गौरतलब हो कि जिले में पिछले काफी समय से करोड़ों का बकाया चल रहा है। शत प्रतिशत विद्युत कनेक्शन भी नहीं हो पा रहे। ऐसे में अब गड़बड़ी और लापरवाही करने वाले बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों पर गाज गिर रही है। फिलहाल, वर्तमान में शासन की प्राथमिकता वाले ग्राम स्वराज अभियान के तहत बिजली कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है।
विशेषकर अभियान के तहत दलित बस्तियों में शत प्रतिशत विद्युत कनेक्शन दिए जा रहे हैं। अधीक्षण अभियंता प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि विद्युत वितरण खंड द्वितीय हाथरस के अधीन 33/11 केवी उपकेंद्र गिजरौली पर तैनात अवर अभियंता मनोज वर्मा को ग्राम स्वराज अभियान के तहत ग्राम रम नगला और नहरोई में कार्य करने में रुचि न लेने और उदासीनता बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि सस्पेंड जेई द्वारा न तो रिकॉर्ड मेंटेन किया जा रहा था और न ही कनेक्शन देने आदि कार्य करने में कोई रुचि ली जा रही थी। सस्पेंड जेई को निलंबन अवधि में विद्युत वितरण खंड चतुर्थ से संबद्ध किया गया है। इसके अलावा अगसौली बिजलीघर सिकंदराराऊ में तैनात अवर अभियंता सतेंद्र यादव को भी गलत एस्टीमेट बनाने पर अधीक्षण अभियंता ने सस्पेंड कर दिया है। इनको एक्सईएन टेस्ट के यहां अटैच किया गया है। इस संबंध में मुख्य अभियंता वितरण अलीगढ़ क्षेत्र अलीगढ़ को भी जानकारी दी गई है।