हाथरस। मुरसान में कंचना फाटक के पास शनिवार रात करीब 12 बजे सोरों जा रही राजस्थान डिपो की बस आगे चल रहे सीमेंट से भरे ट्रक को ओवरटेक करने की जल्दबाजी में हादसे का शिकार हो गई और ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का एक ओर का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो को मुरसान पुलिस ने गैस कटर की मदद से बस के केबिन को काटकर बाहर निकाला। घायलाें को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से पांच लोगों को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। हादसा होने के बाद घायलों की चीख-पुकार सुनकर ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मौके से गुजर रहे दूसरे यात्रियों ने हादसे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दीं।
हादसे की जानकारी होने पर मुरसान पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया गया। जिला अस्पताल में अनीता पत्नी हरवीर सिंह, निरंजन पुत्र रतन सिंह निवासीगण नदबई, भरतपुर, लालाराम व इनकी पत्नी सुमन और बेटा सीलू निवासीगण कायमगंज, फ र्रुखाबाद, शांति देवी पत्नी रामस्वरूप, सावित्री पत्नी रेवर्ड, प्रियांसु पुत्र शेर सिंह, कौशल्या पत्नी सुबद्दी,रामरूप पुत्र मूलचंद निवासीगण गिरधरपुर बांदीकुई, दौंसा राजस्थान, प्यारेलाल पुत्र शिवप्रसाद निवासी मेहंदीपुर बालाजी, निजाम पुत्र अफजल खान निवासी नवाबपुरगंज फर्रुखाबाद, रामकिशोर पुत्र कानाराम निवासी मसारी अलवर को भर्ती कराया गया। बस परिचालक रामकिशोर, निजाम, शीलू, सोनम और शुभम को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। एसओ मुरसान रमाकांत पचौरी का कहना है कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।