कान में मोबाइल की लीड लगाकर चलना एक राहगीर के लिए मौत का कारण बन गया। युवक दिल्ली-हावड़ा रूट पर सासनी स्टेशन से कुछ दूरी पर गांव सिताहरी के निकट एक ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर आसपास काम कर रहे ग्रामीण भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को पंचनामा भरने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
गांव खेरिया निवासी 22 वर्षीय रोशनलाल उर्फ दीपू पुत्र परदेसी रविवार की दोपहर को रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। चश्मदीदों ने बताया कि उसके कान में मोबाइल फोन की लीड लगी थी, जिससे उसे सामने से आ रही ट्रेन की आवाज नहीं सुन सका। टूंडला की ओर से आ रही इस ट्रेन की चपेट में रोशनलाल आ गया।
उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद परिजनाें को सौंप दिया। परिजनों ने देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक अपने पिता की अकेली संतान था। उसकी मां का बचपन में ही देहांत हो चुका है।