इलाहाबाद-फैजाबाद हाईवे पर बेखौफ बदमाशों ने टेंपो रुकवाकर सराफ से तमंचे के बल पर लूटपाट की। नगदी समेत जेवरात लेकर भाग निकले। पीड़ित ने पुलिस चौकी पर तहरीर दी है। मानधाता थाना क्षेत्र के बुआपुर निवासी सराफ रामराज सोनी रविवार को टेंपो से शहर आ रहा था। इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग से होते हुए टेंपो अभी कुसमी रेलवे क्रासिंग के पार ही पहुंचा था कि टेंपो को पल्सर सवार दो बदमाशों ने रुकवा लिया। फिर रामराज को तमंचा सटाकर जेवरात और नगदी भरा बैग छीना और शहर की ओर भाग निकले। घटना के बाद रामराज ने भुपियामऊ पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। उसका कहना था कि बैग में 18 हजार रुपये, चार सौ ग्राम चांदी व सोने के पुराने जेवरात थे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। हालांकि शहर कोतवाल ने बताया कि उनके पास कोई शिकायत लेकर नहीं आया। पुलिस चौकी पर शिकायत आई है तो इस बारे में पता कराया जाएगा।