हाथरस। राजेश टोंटा की हत्या के बाद भी उसके गैंग के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है। टुकसान निवासी एक युवक का आरोप है कि इस गैंग के चार सदस्यों ने जानलेवा हमला किया है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल होने पर युवक को रेफर कर दिया है। युवक ने पुलिस से शिकायत की है। उसने दावा है कि उस पर हमला करने वाले टोंटा गैंग के सदस्य हैं।
टुकसान निवासी श्याम पुत्र राजकुमार का कहना है कि उसकी बुआ मोनिका हफ्ते में एक दिन हाथुरसी माता मंदिर के दर्शन को जाती हैं। श्याम अपनी बुआ के साथ मंदिर से लौट रहा था। तभी उसे लाल डिग्गी के पास आरोपियों ने घेर लिया और पीटना शुरू कर दिया। लाठी-डंडों से उसे देर तक पीटा गया। श्याम को मृत समझकर आरोपी चले गए। श्याम के मुताबिक आरोपियों ने उसकी पिटाई कर पांच हजार रुपये छीन लिए। श्याम ने कहा कि पुरानी रंजिश के कारण उस पर हमला किया गया। सदर कोतवाली पुलिस ने श्याम की शिकायत ले ली है। सदर कोतवाल मनोज शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।