आरएसएस कार्यकर्ता की पिटाई के बाद थाने के बाहर भाजपा नेता।
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय मोहल्ला सिद्धार्थनगर से कोतवाली हाथरस गेट पुलिस तीन युवकों को पकड़कर ले आई और उनके साथ जमकर मारपीट की। इनमें से एक युवक का कहना था कि जब उसने यह बताया कि वह आरएसएस का कार्यकर्ता है तो पुलिस कर्मी ने उसके कई थप्पड़ जड़ दिए।
इस मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा के अलावा अन्य भाजपाई और आरएसएस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। इन लोगों ने पुलिस की अभद्रता और मारपीट पर तीखा आक्रोश जताया। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ सिटी भी पहुंच गईं। बाद में थाने के मुंशी को लाइन हाजिर कर दिया गया। तब भाजपाई शांत हुए।
हुआ यूं कि करीब दो सप्ताह पहले सिद्धार्थ नगर का एक युवक दूसरे समुदाय की एक लड़की को लेकर चला गया था। बताते हैं कि लड़की पक्ष के कुछ लोग जब सिद्धार्थ नगर में घूम रहे थे तो पुलिस को इन लोगों के बारे में फोन पर सूचना दे दी। परिणामस्वरूप पुलिस ने बिना किसी जानकारी के मौके पर पहुंचकर तीनों युवकों को पकड़ लिया और थाने ले आई। आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी जानकारी के उनके साथ मारपीट की।
इसकी सूचना जब भाजपाइयों और आरएसएस के कार्यकर्ताओं को लगी तो वह भी काफी तादाद में कोतवाली हाथरस गेट में एकत्रित हो गए। इन लोगों ने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस से तीखी नोक-झोंक भी हुई। सूचना मिलने पर एएसपी सिद्धार्थ वर्मा और सीओ सिटी सुमन कनौजिया भी मौके पर पहुंच गईं और भाजपाइयों को शांत किया। बाद में थाने के मुंशी को लाइन हाजिर कर दिया गया।
आरएसएस कार्यकर्ता के पकड़े जाने की सूचना पर हम लोग थाने पहुंचे थे। हमने पुलिस कर्मियों की इस हरकत का विरोध किया। शिकायत पर पुलिस कर्मी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
-गौरव आर्य, जिलाध्यक्ष भाजपा