हाथरस (ब्यूरो)। एडीजे के बंद घर में हुई चोरी की वारदात ने पुलिस-प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। डीआईजी अलीगढ़ गोविंद अग्रवाल बुधवार को शहर की वसुंधरा कॉलोनी पहुंचे और एडीजे राजकुमार बंसल के आवास में हुई चोरी की वारदात का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थों को एक सप्ताह के अंदर चोरी का खुलासा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी भी जारी की कि खुलासा नहीं होने की स्थिति में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
ज्ञात रहे कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के एडीजे राजकुमार बंसल शहर की पॉश कॉलोनी वसुंधरा एन्क्लेव में रह रहे हैं। मौजूदा समय में न्यायालय के अवकाश होने के कारण वह अपने परिवार के साथ शहर से बाहर हैं। घर के ताले लगे हुए थे। चोरों ने मौके का लाभ उठाकर इस मकान के ताले चटका दिए और लाखों के नगदी एवं जेवर पार कर दिए। न्यायिक अफसर के घर से हुई इस चोरी की घटना की गूंज शासन तक पहुंच गई है।
डीआईजी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक एस. चन्नप्पा ने इस घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं। इन टीमों में क्राइम ब्रांच, साइबर सैल एवं कोतवाली पुलिस की एक टीम शामिल है। एसपी ने दावा किया कि वह इस वारदात को चुनौती के रूप में ले रहे हैं। शीघ्र ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।