हाथरस। एआरटीओ कार्यालय में सोमवार को उस समय खलबली मच गई, जब कार सवार कुछ युवकों ने एक युवक को जबरन उठा लिया। आरोपी युवक को कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। हालांकि रात तक युवक के अपहरण की बात साफ नहीं हो सकी। थाना पुलिस को भी इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की गई है। दूसरे जिले की पुलिस के इस युवक को हिरासत में लेने की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में एसओजी प्रभारी यूनिस सिद्दीकी ने बताया कि उनकी टीम ने ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की है। वहीं हाथरस गेट कोतवाली राजेश्वर प्रसाद त्यागी ने बताया कि जिस गाड़ी से युवक को उठाए जाने की बात कही जा रही थी, उस पर यूपी 32 नंबर अंकित था। वह लखनऊ की गाड़ी थी। अगर दूसरे जिले की एसओजी आती तो वह थाना पुलिस को सूचना देती। थाने को इस संबंध में न तो कोई शिकायत की गई है और न ही सूचित किया गया है। एआरटीओ प्रशासन उदयराम का कहना है कि किसी बाइक चोरी के सिलसिले में यह लोग आए थे। सड़क पर ही हंगामा हुआ है। ऑफिस परिसर में कुछ नहीं हुआ।