हाथरस गेट कोतवाली में सीओ सिटी से बात करते हिंदूवादी।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। स्थानीय मोहल्ला श्रीनगर नई बस्ती में उस समय हंगामा हो गया जब एक युवती की मां को यह जानकारी मिली कि दूसरे समुदाय का एक युवक उसकी लड़की से निकाह कर रहा है। इस पर काफी हिंदूवादी भी वहां पहुंच गए और पुलिस भी वहां आ गई। पुलिस को देख यह लड़का तो वहां से भाग गया, जबकि युवती को पुलिस अपने साथ ले आई। इस युवती का कहना था कि अपनी मर्जी से युवक के साथ शादी कर रही थी। बाद में उसके परिजन जैसे-तैसे उसे राजी कर थाने से ले गए। वैसे यह बात भी सामने आई कि इस लड़की के साथ इस युवक का पहले से प्रेम संबंध रहा है और तीन साल पहले यह लड़का इस लड़की को बहला-फुसला कर भगा ले जाने के जुर्म में जेल भी जा चुका है।
शहर के कोतवाली सदर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती पिछले कई दिन से अपने घर से गायब थी। उसकी मां को यह सूचना मिली कि उसकी बेटी मोहल्ला श्रीनगर नई बस्ती में दूसरे समुदाय के एक युवक के साथ निकाह कर रही है। इस युवती की मां के साथ बजरंग दल के जिला संयोजक प्रशांत मिश्र व काफी हिंदूवादी भी वहां पहुंच गए और इस निकाह को रुकवा दिया। इससे वहां हंगामा खड़ा हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक तो वहां से भाग गया, जबकि युवती को पुलिस अपने साथ थाने ले आई। मौके पर काफी देर तक हिंदूवादी मौजूद रहे।
परिजनों का आरोप था कि यह युवक बहला-फुसला कर उनके परिवार की लड़की को तीन दिन पहले घर से ले गया है, जबकि युवती का कहना था कि वह अपनी मर्जी से इस युवक के साथ रह रही है और उससे शादी करना चाहती है। काफी देर तक थाने पर मजमा लगा रहा। सीओ सिटी भी वहां पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। बाद में इस युवती को परिजन जैसे-तैसे मनाकर अपने साथ ले गए।