हाथरस। होली के खुशनुमा त्योहार से ठीक पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। शहर में इगलास अड्डा फाटक से कुछ दूरी पर एक बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। इससे एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को घायल अवस्था में अलीगढ़ रेफर किया गया है।
चंदपा थाना क्षेेत्र के गांव गुमानपुर के रहने वाले राहुल शुक्ला पुत्र राजकुमार घर का जरूरी सामान लेने यहां बाजार आए थे। उनके साथ बाइक पर उसका दोस्त गांव कोटा निवासी रिजवान पुत्र जमील खां बैठा हुआ था। यहां से दोनों बाइक पर चीनी की बोरी और चावल का कट्टा लेकर जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक इगलास अड्डा रेलवे फाटक के पास उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह ट्रक की चपेट में आ गई। मौके पर ही राहुल शुक्ला की मौत हो गई। वहीं रिजवान को जिला अस्पताल से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। राहुल की मौत से परिवार में मातम छा गया। राहुल विवाहित था और उसके एक छोटी बेटी भी है।
हादसे के बाद बसपा नेता रामेश्वर उपाध्याय जिला अस्पताल पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों को जल्द पोस्टमार्टम कराने को कहा। वहीं विधायक गेंदालाल चौधरी, उदयीभान, यूसुफ पहलवान, फुरकान अली आदि नेताओं ने गांव पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।