हाथरस। नवीपुर रोड पर दो शातिर चोर एक दुकान की छत काटने में लगे थे। आधी रात को दुकान के पास रहने वाले एक शख्स की नजर उन पर पड़ गई। फिर क्या था, उसने दुकानदार को खबर कर दी। दुकानदार लोगों को लेकर मौके पर आ गया और चोरों को चारों ओर से घेर लिया। चोर लोगों के हत्थे चढ़ गए। जमकर धुनाई के बाद उन्हें पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
नारायण प्रसाद कौशिक निवासी श्यामकुंज की परचून की दुकान नवीपुर रोड पर है। दो चोर रात करीब दो बजे पीछे के रास्ते पर दुकान पर चढ़ गए। छत पर खंभे में लगी लाइट से काफी रोशनी रहती है। रात को जब चोर छत काट रहे थे तो दुकान के सामने रहने वाले एक पड़ोसी की नजर अचानक उन पर पड़ गई। उसने दुकानदार नारायण प्रसाद को फोन किया, लेकिन उसने नहीं उठाया। इस पर पड़ोसी दुकानदार के घर चला गया और पूरी बात बताई। पड़ोसी की इस कोशिश से दोनों शातिर चोर कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ गए। सदर कोतवाल मनोज शर्मा का कहना है कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। अभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।