सिकंदराराऊ (हाथरस)। कस्बे के सांप्रदायिक सौहार्द को अराजक तत्वों ने पलीता लगाने की कोशिश की। शनिवार की रात हाथरस राजमार्ग स्थित विधायक रामवीर उपाध्याय के आवास के समक्ष गौरी श्ंाकर मंदिर और 500 मीटर दूर गांव लश्करगंज के माता मंदिर में लगी मूर्तियाें को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना का पता सुबह उस समय लगा, जब लोग मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। गुस्साए लोगों ने कुछ देर के लिए रोड जाम कर दी, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने समझाकर जाम खुलवा दिया।
बता दें कि हाथरस मार्ग पर आम के बाग के निकट गौरीश्ंाकर का प्राचीन मंदिर है। रात्रि में शरारती तत्वों ने मंदिर के समीप बनी कोठरी के दरवाजे तोड़ दिये और मंदिर में लगी शिव परिवार की कई मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर मंदिर में ही डाल दिया। इसी क्रम में लश्करगंज के बाहर माता के मंदिर में भी देवी की मूर्ति को तोड़कर नीचे गिरा दिया गया। रविवार की सुबह लोग दोनाें मंदिरों में दर्शन करने गए तो मूर्तियां खंडित मिलीं। काफी लोग मंदिरों पर एकत्रित हो गए और घटना के विरोध में नारेबाजी करने लगे। मामले की सूचना मिलने पर एसडीएम एनपी पांडेय और सीओ डीके बालियान भी घटनास्थल पर पुहंच गए और मौका मुआयना किया। कस्बा निवासी मधुर शर्मा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 295 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। मंदिरों के इर्द-गिर्द एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
भाजपा, हिंदूवादियों ने किया विरोध
सिकंदराराऊ। भाजपा नेता नरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि सपा सरकार की ढील के चलते असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। दो मंदिरों से मूर्तियाें को तोड़ कर सांप्रदायिक माहौल को बिगाड़ने की कुचेष्टा की गई है। पुलिस दोषी असामाजिक तत्वों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करे, वरना मामले को लेकर सड़कों पर उतर कर आंदोलन किया जाएगा। हिंदूवादी नेता तथा संासद प्रतिनिधि विवेकशील राघव ने कहा कि बार मंदिरों की मूर्तियों को तोड़ा जा रहा है। इससे पहले जीएस हिंदू इंटर कॉलेज से प्राचीन मूर्ति चोरी कर ली गई। हिंदू समाज इस तरह की घटनाओं को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। मूर्ति तोड़ कर हिंदूओं की आस्था पर चोट की गई है।
दोषियों को बख्शेंगे नहीं
एसडीएम एनपी पांडेय और सीओ डीके बालियान ने कहा है कि इस घटना के दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। शीघ्र उनका पता लगाकर उन्हें जेल भेजा जाएगा।