हाथरस। पीसी बागला महाविद्यालय में गुरुवार को अनुशासन समिति की सख्ती से हंगामा हो गया। ड्रेस में आने की बात कहने पर एक छात्रा उग्र हो गई। मौके पर कुछ छात्र नेता भी कॉलेज के पहुंच गए। यहां इन छात्र नेताओं की प्राध्यापकों से जमकर नोक-झोंक हुई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
पीसी बागला महाविद्यालय में गुरुवार को अनुशासन समिति बिना ड्रेस वाले छात्र छात्राओं को हड़काकर उनके आईकार्ड जब्त कर रही थी। इस दौरान बीएससी की एक छात्रा जब बिना यूनिफॉर्म कॉलेज में आई तो समिति के सदस्य चंद्रशेखर रावल और केएन त्रिपाठी ने उसे ड्रेस में आने की हिदायत दी और उसका कॉलेज आईकार्ड ले लिया। इस पर यह छात्रा उग्र हो गई। इस दौरान वहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संगठन मंत्री राहुल सारस्वत और संयोजक अनुराग अग्निहोत्री भी पहुंच गए। इन छात्र नेताओं ने प्राध्यापकों पर छात्रा से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। इस दौरान जमकर नोक-झोंक भी हुई। वहां अच्छा-खासा हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मामला जब प्राचार्य डॉ. आरके शर्मा के संज्ञान में आया तो उन्होंने इन छात्र नेताओं को फटकार लगाई और कॉलेज के कार्यों में किसी भी तरह का दखल नहीं देने की सख्त हिदायत दी और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
राजनीतिक माहौल फैलाने का लगाया आरोपहाथरस। एबीवीपी के जिला संयोजक अनुराग अग्निहोत्री ने प्राध्यापक सीएस रावल पर राजनीतिक माहौल फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों वह छात्राआें की सुरक्षा को लेकर एसपी से भी मिले थे। उन्होंने कहा कि छात्राओं से अभद्र व्यवहार कदापि सहन नहीं किया जाएगा।
एबीवीपी के कुछ नेता बाहरी युवकों के साथ कॉलेज में जबरन घुसकर छात्राओं को भड़का रहे हैं। इन्हें चेतावनी दे दी गई है। आगे से कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। - चंद्रशेखर रावल, प्राध्यापक पीसी बागला