हाथरस। सदर तहसील के एसडीएम के ड्राइवर ने तीन अज्ञात लोगों पर सनसनीखेज आरोप लगाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में सोमवार रात को खलबली मचा दी। ड्राइवर ने पुलिस को फोन कर आरोपियों पर सरकारी कार को लूटने की कोशिश का आरोप लगाया। हालांकि चंद मिनटों बाद पहुंची पुलिस को कोई आरोपी मौके पर नहीं मिला। जांच-पड़ताल के बाद अधिकारी ड्राइवर के आरोपों को गंभीरता से नहीं ले रहे। यही कारण है कि इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
एसडीएम के ड्राइवर का कहना है कि सोमवार रात को वह तालाब चौराहे पर सरकारी कार के साथ खड़ा था। तभी तीन असलहाधारी उसके पास आए। इनमें से एक ने खुद को एएसपी बताया। दूसरे को अपना पेशकार और तीसरे को सिपाही बताया। उन्होंने ड्राइवर से कहा कि उनकी कार खराब हो गई है, उन्हें जल्द मथुरा जाना है। इसके बाद तीनों सरकारी कार में बैठ गए। उन्होंने ड्राइवर पर चलने के लिए दबाव बनाया। ड्राइवर हिम्मत कर किसी तरह कार से निकल आया और पुलिस को सूचित कर दिया। इस पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और फिर भाग निकले।
ड्राइवर की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस और थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसओ हाथरस गेट केपी सिंह और सदर कोतवाली की एसआई ईतुल चौधरी का कहना है कि उन्हें मौके पर कोई नहीं मिला। केवल ड्राइवर मिला, जिसने तीन लोगों पर आरोप लगाए हैं। वहीं एसडीएम सदर केहरी सिंह का कहना है कि ड्राइवर के आरोपों की जांच की जा रही है। इस संबंध में अभी कोई पुख्ता तथ्य नहीं मिले हैं, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है।