आगरा-अलीगढ़ बाईपास पर ईयरफोन लगाकर तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाना दो युवकों को भारी पड़ गया। अनियंत्रित होकर बाइक तेजी से गड्ढे में पलट गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक ने उपचार के दौरान शुक्रवार शाम को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया वहीं दूसरे युवक की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। दोनों छात्र गांव कोटा के एक डिग्री कॉलेज में बीकॉम की परीक्षा देने जा रहे थे।
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब सवा दो बजे हुआ। हादसे के बाद पुलिस और एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने से पहले ही कपूरा चौराहे के पास मौजूद ग्रामीण अपनी बाइक से घायलों को जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल 24 वर्षीय अरबाज पुत्र शकील अहमद निवासी गोल मार्केट, जमालपुर, अलीगढ़ और 26 वर्षीय गजेंद्र पुत्र विजय सिंह निवासी मानसिंह का नगला, अलीगढ़ को रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना पर चंदपा और हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। यूपी 100 की तीन पीआरवी भी घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके पर घायलों की अपाचे बाइक क्षतिग्रस्त हालत में मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर दोनों बाइक सवारों के ईयरफोन पड़े मिले। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार बेहद तेज रफ्तार में थे और उन्होंने ईयरफोन लगा रखा था। बाइक बेकाबू होने पर फिसलते हुए गड्ढे में जा गिरी। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है।