गांव नगला जमुनी में गुरुवार की सुबह लेंटर गिरने से एक ही परिवार के छह लोग उसके मलबे में दब गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के लोग चारा काट रहे थे। मलबे में दबकर 14 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य महिला-पुरुष भी मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का अलीगढ़ जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। लेंटर की नीचे दबकर तीन मवेशी भी मर गए। हादसे के बाद लेखपाल ने मौका मुआयना किया और घटना के बारे में जानकारी ली।
गांव निवासी रामजीलाल पुत्र मुलायम सिंह अपने पूरे परिवार के साथ घेर में मवेशियों के लिए चारा काट रहे थे। उनके ऊपर घेर लंबा-चौड़ा लेंटर भरभराकर गिरा। इसके मलबे में दबकर छोटू उर्फ अंशुल (14 वर्ष) पुत्र रामजीलाल की मौके पर मौत हो गई। रामजी लाल पुत्र मुलायम सिंह, शांति देवी पत्नी रामजीलाल, नीरज, श्रीदेवी और वीरेंद्र लेंटर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लेंटर गिरने के बाद शोर-शराबा होते ही काफी संख्या में ग्रमाीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया गया।
करीब घंटे भर की मेहनत के पश्चात घायलों को नीचे से निकालकर इलाज के लिए सिकंदराराऊ लाया गया। जहां से गंभीर हालत में सभी को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। मलबे के नीचे दबकर तीन मवेशियों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि तेज बारिश के चलते लेंटर के पिलर के नीचे पानी भर गया था, जिससे वह जर्जर हो गया था, जिससे यह हादसा हो गया।