नगला ओझा में झगड़े के बाद पुलिस को जानकारी देती पीड़ित शिक्षिका।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। प्राथमिक विद्यालय नगला ओझा में तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापिका पुष्पा देवी ने कोतवाली चंदपा पुलिस को एक शिकायत सौंपी है। उन्होंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगला ओझा के इंचार्ज प्रधानाध्यापक पर अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इसे लेकर गांव में मंगलवार को दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ, जिससे वहां अच्छा-खासा हंगामा खड़ा हो गया। चंदपा थाना पुलिस भी विद्यालय पहुंची और शिक्षिका से पूछताछ की। शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि शिक्षक के साथ-साथ कुछ अन्य लोग भी मौके पर आ गए। यह लोग भी उनको धमकाने लगे। इन लोगों ने गाली-गलौज की। शिक्षिका का आरोप है कि यह लोग रास्ते में उसकी स्कूटी रोककर भी अभद्रता करते हैं और पैसों की मांग करते हैं। धमकी देते हैं कि अगर यह धनराशि नहीं दी गई तो वह उसे नौकरी नहीं करने देंगे। इसके बारे में शिक्षिका ने ग्राम प्रधान को भी फोन पर जानकारी देने की बात कही है। आज फिर इन लोगों ने उसे विद्यालय में अकेला देखकर अभद्रता की है। शिक्षिका का आरोप है कि विद्यालय के भवन की रंगाई-पुताई के लिए लाया गया सामान भी इन लोगों ने उठाकर फेंक दिया और कहा कि उन्हें कोई काम नहीं करने देंगे। इन लोगों की हरकतों को देखते हुए गांव के कुछ लोगों को उन्होंने सहयोग के लिए बुलाया।
गांव की प्रधानी का विवाद है। प्रधानी के विवाद में एक-दूसरे की शिकायत करते रहते हैं। शिक्षिका ने अभद्रता के आरोप लगाए हैं, जिनके आधार पर मुकदमा लिखा गया है।
-अशोक कुमार सिंह, एसओ चंदपा