हाथरस। जिले में लूटपाट की घटनाओं में अंतर्जनपदीय गैंग के मुखिया संतरा को आखिरकार हाथरस गेट पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बीती रात इगलास रोड पर बाईपास से दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड में अब तक आरोपी पर आठ मुकदमे हाथरस जिले में दर्ज हो चुके हैं। एसपी ने इस शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने वाली टीम को पांच हजार रुपये का ईनाम दिए जाने की भी घोषणा की है।
एसपी डॉ.अजयपाल ने कोतवाली हाथरस गेट में बताया कि सीओ प्रीती सिंह के निर्देशन में कोतवाली हाथरस गेट के प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह मय पुलिस फोर्स के गश्त पर थे। इस दौरान पुलिस को इगलास रोड बाईपास के निकट कुछ संदिग्ध लोगों को लूटपाट के इरादे से घूमता हुआ देखे जाने की सूचना मिली। इनके पास असलहे भी बताए गए। पुलिस पार्टी सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची। इस दौरान इगलास रोड बाईपास के निकट पुलिस पार्टी इन दो संदिग्ध लोगों की तरफ बढ़ी तो इन लोगों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिए, जिससे पुलिस पार्टी में शामिल लोग बाल-बाल बच गए।
एसपी ने बताया कि खुद को सुरक्षित करने के बाद पुलिस पार्टी ने आवश्यक बल प्रयोग कर इन दो संदिग्धों में से एक को मौके पर ही दबोच लिया। उसने पूछताछ में अपना नाम संतरा पुत्र मुंशी निवासी आम का नगला कोतवाली जलेसर एटा बताया। एसपी के मुताबिक भागे हुए व्यक्ति का नाम शौकीन पुत्र हजारी निवासी आम का नगला जलेसर एटा बताया है। पूछताछ में संतरा ने नगला सिंगी सहित कोतवाली हाथरस गेट और हसायन समेत जिले की आठ आपराधिक घटनाओं का इकबाल किया है।
फेरी लगा करते थे गिरोह के सदस्य रैकी
कोतवाली हाथरस गेट पुलिस द्वारा पकडे़ गए सरगना संतरा ने बताया कि घटना को अंजाम देने से पूर्व गिरोह के सदस्य गली-मोहल्लों में क्रीम, पाउडर, चूड़ी, कंगन बेचने के लिए फेरी लगाकर मकानों की रैकी करते थे। मौजूदा समय में यह गैंग शहर के मोहल्ला श्रीनगर में रहकर ही आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। एसपी ने बताया कि मकान में रात में चोरी और लूट की घटना को अंजाम देने के बाद यह बदमाश आराम से निकल जाते थे।
टीम में शामिल पुलिस कर्मी
कोतवाल हाथरस गेट केपी सिंह, एसआई मनोज कुमार शर्मा, कांस्टेबल दिनेश कुमार, सुधीर कुमार, जितेंद्र कुमार व सरकारी वाहन चालक राकेश कुमार आदि प्रमुख थे।