सादाबाद। बिजली चोरी को रोकने के लिए कस्बे में शनिवार को विद्युत विभाग की दो टीमों ने पुलिस बल के साथ कई गली मोहल्लों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। छापे में एक दर्जन स्थानों पर बिजली चोरी मिली। थाने में 10 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
रिकॉर्ड के अनुसार आसपास के शहर और कस्बों में सबसे अधिक बिजली चोरी सादाबाद में हो रही है। उच्चाधिकारियों ने दो दिन पूर्व यहां बिजली चोरी के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इस पर शनिवार को कस्बे में की गई छापामार कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। एक्सईएन मुकेश कुमार के निर्देशन में पहली टीम में एसडीओ हरिओम सोनी, जेई प्रहलाद सिंह, कमल सिंह और लेखेंद्र सिंह, टीजीटू वीरपाल ललित, हेमदत्त सोनी शामिल थे। जबकि दूसरी टीम में एसडीओ एपी सिंह, एईआर राकेश कुमार, जेई अजय अवस्थी, भूप सिंह, सुमित कुमार थे।
मोहल्ला गौतम नगर, आनंद नगर, त्यागी कॉलोनी, कश्यप नगर, कूपा गली, बैजनाथ मंदिर के पास के इलाकों में सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान आगरा रोड चुंगी पर कई दुकानों के शटर गिर गए तो कई घरों पर बाहर ताले लटक गए। कई जगह अधिकारियों से लोगों की नोंकझोंक हो गई। एसडीओ हरिओम सोनी ने बताया कि अभियान में 12 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया, जिनमें से दो ने मौके पर ही शमन शुल्क जमा कर दिया।
टेंपर्ड मीटर से हो रही थी चोरी
छापेमारी के दौरान टीम ने जब गौतम नगर में एक उपभोक्ता के विद्युत मीटर को चैक किया गया तो यह मीटर टेंपर्ड हो रहा था। यानि कि मीटर को पीछे से काटकर उसमें रिमोट फिट कर बिजली चोरी की जा रही थी। एसडीओ हरिओम सोनी ने बताया कि मामला संगीन है, इसमें एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। फिलहाल, उपभोक्ता के यहां टेंपर्ड मीटर को जब्त कर नया मीटर लगा दिया गया है।