हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर वाहन स्टैंड का संचालन खुद रेलवे के सरकारी कर्मचारी कर रहे हैं। इन कर्मचारियों को अब पुलिस की दबंगई का डर सता रहा है। पुलिसकर्मी स्टैंड में बिना शुल्क दिए अपने वाहन खड़ा करना चाहते हैं लेकिन रेलवे इसकी इजाजत नहीं देता।
नतीजा, पुलिसकर्मी कर्मचारियों को अंजाम भुगतने की धमकी तक दे रहे हैं। डरे-सहमे कर्मचारियों ने डीआरएम के अलावा जीआरपी के एसएसपी और आरपीएफ के कमांडेंट को शिकायत की है।
शिकायत के बाद से ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा है।
इस मामले में जल्द ही जांच के आदेश दिए जा सकते हैं। इस मामले में कोई भी अधिकारी साफ तौर पर कुछ भी कहने को तो तैयार नहीं है। सिटी स्टेशन के वाहन स्टैंड का कुछ समय पहले तक ठेका उठाया जाता था। ठेकेदार की शिकायतों के बाद रेलवे ने इसे खुद चलाने का निर्णय लिया और पार्सल को ले जाने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी।
स्टैंड पर पुलिसकर्मियों के वाहन भी खड़ा होते हैं। ज्यादातर पुलिसकर्मी अपने चार पहिया वाहन से आते-जाते हैं। ये वाहन काफी जगह लेते हैं। इसके बावजूद वह शुल्क देना नहीं चाहते, जिसे लेकर पिछले कई दिनों से कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के बीच झिकझिक हो रही है। पुलिसकर्मियों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी तो कर्मचारियों ने भी इसकी शिकायत अधिकारियों से कर दी है।