पुलिस का सटोरियों के खिलाफ सोमवार को भी अभियान जारी रहा। अभियान के तहत कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने शहर की श्रीनगर नई बस्ती से एक और सटोरिया पकड़ने का दावा किया है। पकड़े गए सटोरिया का नाम छुट्टा पुत्र जय सिंह निवासी श्रीनगर बताया गया है। पकड़े गए युवक का पुलिस ने चालान कर दिया है।
कोतवाल हाथरस गेट जसपाल सिंह पवार ने बताया कि भारत-पाक क्रिकेट मैच में टीवी स्क्रीन पर देखकर आठ मोबाइल फोनों के माध्यम से सट्टा करने के आरोप में पकड़े गए राजकुमार उर्फ राजू शर्मा निवासी मेंडू गेट महाजन गली एवं देवेंद्र वर्मा निवासी चामड़ गेट शिव कॉलोनी हाथरस का चालान किया गया है। इन दोनों सटोरियों पर एक भाजपा नेता के घर में सट्टा कराने का आरोप था।
पुलिस इस मामले में भाजपा नेता के पति को भी पकड़कर इन सटोरियों के साथ लाई थी, लेकिन देर रात उन्हें छोड़ दिया गया। इसे लेकर चर्चाएं रहीं। सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस के इस सघन अभियान से इस गोरखधंधे से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है। कोतवाल जेएस पवार का कहना है कि सटोरियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसमें कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।