हाथरस। हाथरस जंक्शन क्षेत्र में नील गाय को गोली मारकर मौत के घाट उतारने के बाद शिकारियों ने जंगल में ही उसके शव को जाल में कैद कर लिया। शिकारियों ने इसके बाद जैसे ही नील गाय को काटना शुरू किया, ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। ग्रामीणों ने आरोपियों में से दो को पकड़ भी लिया, लेकिन कुछ देर बाद दोनों आरोपी चकमा देकर भाग गए। पुलिस ने देर शाम नील गाय के शव को दफना दिया।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र में नील गाय का शिकार जोरों पर है। गांव हिम्मतपुर में नील गाय को मारी गई गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों को पहले ही शिकारियों के होने का अंदेशा लग गया था। खोजबीन करने पर ग्रामीण उस जगह पहुंच गए जहां शिकारी नील गाय को काट रहे थे। ग्रामीणों को देखते ही दो शिकारी भाग निकले, जबकि दो को गांव वालों ने दबोच लिया। ग्रामीणों के मुताबिक यह लोग पहले भी नील गाय के शिकार में आरोपी रह चुके हैं। पकड़े गए आरोपी पिटाई के बाद भाग निकले। पुलिस ने मौके से आरोपियों की बाइक बरामद कर ली है। हाथरस जंक्शन पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।