महिला का शव मिलने के बाद मौके पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
आठ दिन पहले लापता हुई महिला का शव शुक्रवार को एक पेट्रोल पंप पर बनी कोठरी से पुलिस ने बरामद किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने के बाद से पति फरार है।
ग्राम पंचायत बिजाहरी के माजरा नया बिजलीघर मोहल्ले से आठ दिन पहले एक महिला लापता हो गई। पुलिस ने भी घटना का संज्ञान लिया, लेकिन महिला के लापता होने का बहाना बनाकर टहला दिया।
बुधवार को बिजलीघर मोहल्ले के बाशिंदे थाने आ धमके और पति पर महिला की हत्या का आरोप लगाते हुए शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया। शुक्रवार की दोपहर मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने पराग डेयरी के निकट एक बंद पेट्रोल पंप पर बनी कोठरी से महिला का शव बरामद कर लिया है।
उसकी पहचान गांव के चौकीदार सहित अन्य लोगों ने दीपा पत्नी जितेंद्र उर्फ जीतू के रूप में की है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकीदार ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शव मिलने के बाद से पति फरार है।