आठ दिन से गायब गांव मढ़ाकपिथ निवासी प्रेमी-प्रेमिका के शव सोमवार को सबमर्सिबल के लिए बनी कोठरी में फंदे पर लटकते मिले। कोठरी का दरवाजा अंदर से बंद था। शवों से उठी बदबू से ग्रामीणों को उनकी मौत का पता लगा। मौके पर पहुुंची पुलिस ने कोठरी का दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव मढ़ापिथू निवासी शिवसिंह की पुत्री सौमोती (17 वर्ष) एवं उसके पड़ोस में रहने वाले सितारा के पुत्र दिगंबर उर्फ गवर्नर (25 वर्ष) में काफी दिनों से प्रेम संबंध थे। यह बात दोनों के परिवार वालों को मालूम हुई तो उन्होंने बंदिशें लगाना प्रारंभ कर दिया। इससे परेशान होकर दोनों ने घर से भाग जाने की योजना बनाई। दोनों सजातीय थे।
छह मई की शाम को दोनों घर से गायब हो गए। उनके परिजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं लग पाया। किशोरी के पिता ने सात मई को कोतवाली में युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी। सोमवार की शाम को खेल रहे बच्चों को मुकेश कुमार की खेत पर सबमर्सिबल के लिए बनी कोठरी से निकल रही बदबू ने परेशान कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस को दरवाजा अंदर से बंद मिला। जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो दोनों की लाश फंदे पर लटकते हुए मिली। सीओ योगेश कुमार का कहना है कि युवक के खिलाफ पहले से ही किशोरी को बहलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज है। शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।