शुक्रवार की शाम मौसेरे भाई के साथ बाइक से घर वापस आते समय हुई ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर में दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों को सूचना देने के साथ शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे हैं। मृतक ननिहाल में हुए मुंडन कार्यक्रम की दावत खाने के बाद वापस घर लौट रहे थे।
कस्बा निवासी 27 वर्षीय राहुल कश्यप गांव के ही रहने वाले अपने सगे मौसेरे भाई 25 वर्षीय सोनपाल के साथ गांव की पूर्व प्रधान के पुत्र की बाइक से अपनी ननिहाल हरदोई के थाना शाहबाद के गांव बेझा से देर रात मुंडन कार्यक्रम की दावत खाकर वापस घर आ रहे थे। जब इनकी बाइक बेझा से करीब एक किमी दूर स्थित रास्ते में पड़ने वाली नरहइया मोड़ के पास पहुंची उसी समय सामने से नशे में धुत ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहगीरों की सूचना पर पहुंची शाहाबाद पुलिस ने शवों के पास से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी, जिसकी सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक राहुल अपने पीछे पत्नी बबली एवं पुत्री मानसी, दामिनी व रुक्मणी को छोड़ गया है। सोनपाल अपनी पत्नी गोदावरी एवं चार माह की पुत्री प्रीती को छोड़ गया है।