रक्षाबंधन का त्योहार मनाने सादाबाद जाने के लिए बस पकड़ने पैदल जा रहे दंपति को बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। टक्कर से दंपति घायल हो गए और उनके तीन बच्चे कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। टक्कर मारकर कार सवार भाग गया।
सदर कोतवाली इलाके की दोबरावाल गली की रहने वाली मंजू अग्रवाल पति राधेश्याम अग्रवाल और तीन बच्चों के साथ सादाबाद अपने भाई के यहां जा रहीं थीं। बस स्टैंड जाने के लिए वह पैदल-पैदल चामड़ गेट चौराहे से आगे नई धर्मशाला वाले रास्ते से होते हुए जा रही थीं। पूरा परिवार फुटपाथ पर चल रहा था तभी पीछे से एक कार सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार की टक्कर से मंजू और उनके पति राधेश्याम दूर जाकर गिरे। बच्चे कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। हादसे को टालने के लिए कार सवार ने जोर से ब्रेक लगाए थे।
इससे कार का आगे का शीशा टूटकर चकनाचूर हो गया। शीशा टूटने के बाद कार सवार बचकर भाग निकला। राह चलते लोगों ने सड़क पर कराह रहे दंपति को उठाया और सड़क किनारे बैठाया। सूचना पर पहुंची यूपी 100 दंपति को थाने लाई और घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। राधेश्याम अग्रवाल ने कार सवार के खिलाफ लिखित में शिकायत दी है।