आगरा रोड स्थित अग्रसेन सेवा सदन में मंगलवार की रात्रि बेहद दुस्साहसिक अंदाज में रुपयों और जेवरों से भरा बैग उड़ाकर बदमाश भाग गए। पीछा करने पर बदमाशों ने दूल्हे के बड़े भाई को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से चिंताजनक हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। इस वारदात से कस्बे में दहशत का माहौल है।
बीती 20-21 फरवरी की रात्रि करीब डेढ़ बजे कस्बे के आगरा गेट स्थित श्री महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में रामप्रकाश बंसल पुत्र पुत्र गनपत स्वरूप के छोटे पुत्र सुमित बंसल की शादी थी। मथुरा जिले के राया कस्बे से लड़की पक्ष शादी करने सादाबाद आया था। जयमाला के बाद परिजन और रिश्तेदार फेरों की तैयारी में जुटे हुए थे। वहीं रामप्रकाश, उनका भाई शिवचरन, दिनेशचंद्र, नरेश और उनका बड़ा पुत्र पवन के साथ नीचे हॉल में बैठे हुए थे। पास में ही खाली कुर्सी पर बैग रखा हुआ था। बताते हैं कि एक बदमाश पहले से ही सेवा सदन के भीतर जा छिपा था।
अचानक निकलकर उसने फुर्ती से कुर्सी पर रखे बैग को उठाया और बाहर की ओर भागने लगा। अन्य लोगों के साथ दूल्हे का बड़ा भाई पवन पुत्र रामप्रकाश बंसल निवासी बालाजी नगर सादाबाद बदमाश के पीछे भागा। विवाह स्थल के बाहर सड़क पर एक बाइक स्टार्ट खड़ी थी, जिस पर दो युवक पहले से सवार थे। परिजनों के मुताबिक इनमें से एक बदमाश ने पवन को पीछे आते देखकर फायर कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। तीनों बदमाश बैग सहित बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घायल पवन को सीएचसी ले जाया गया। यहां के चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया।
रामप्रकाश बंसल की तरफ से दी गई तहरीर में कहा गया है कि बैग लेकर भागे बदमाश ने भागते समय सीटी बजाई, जिस पर बाइक पर बैठे दूसरे बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। बैग में ढाई लाख रुपये नकद, 10 तोले सोने के आभूषण, रिश्तेदारों द्वारा उपहार में दिए गए लिफाफे और मकान की चाभियां थीं। घटना के बाद पुलिस ने लुटेरों की तलाश में काफी छानबीन, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। इस घटना के बाद गेस्ट हाउस में शादी करने वाले लोगों में भी भय पैदा हो गया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
----------
शादी समारोह की सीडी और फोटोग्राफी को चेक कराया जा रहा है। अगर बदमाश पहले से अंदर होगा तो निश्चित रूप से वीडियो या फोटोग्राफी में कैद हुआ होगा। हो सकता है कि वह शादी वाले घर का जानकार हो। बाकी जांच के बाद ही पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकता है।
-घुले सुशील चंद्रभान, एसपी हाथरस
-----